भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस के किसान चक्काजाम आंदोलन को बताया जनविरोधी

 


भोपाल, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित किसान चक्काजाम आंदोलन को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे “राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित और जनविरोधी” बताया है।

हेमंत खण्डेलवाल नेबुधवार काे मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस तरह के आंदोलन से आमजन जीवन प्रभावित होता है, विशेषकर एंबुलेंस और अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों के नाम पर केवल राजनीति कर रही है और उसे किसानों के मुद्दों पर आंदोलन करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता जीतू पटवारी को आंदोलन करने से पहले किसानों से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों के साथ छल और झूठे वादे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने कर्जमाफी के झूठे वादे कर किसानों को डिफाल्टर बना दिया था, जबकि भाजपा सरकार ने लगभग 2800 करोड़ रुपये का ब्याज जमा कर किसानों को डिफाल्टर श्रेणी से बाहर निकाला।

भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों से एक-एक दाना गेहूं खरीदने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में गेहूं की खरीद 2625 रुपये प्रति क्विंटल (एमएसपी सहित बोनस) पर की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में गेहूं के समर्थन मूल्य में लगभग 1600 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है, जबकि कांग्रेस के लंबे कार्यकाल में यह बहुत कम था।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश में गेहूं उत्पादन 60 लाख टन से बढ़कर लगभग 200 लाख टन तक पहुंच गया है। मध्यप्रदेश आज दलहन उत्पादन में देश में पहले और खाद्यान्न एवं तिलहन उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।

इस दाैरान उनका कहना यह भी था कि कांग्रेस किसानों को भ्रमित कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि अपने कार्यकाल में उसने किसानों के लिए कौन से ठोस कदम उठाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उत्पादन लागत कम करने और उन्हें उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि उपार्जन प्रक्रिया में प्रारंभिक देरी बारदानों की कमी के कारण हुई थी, जिसे अब दूर कर लिया गया है और खरीदी सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे