भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री गौतम टेटवाल ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं
भोपाल, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के मंत्री गौतम टेटवाल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्हें शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
मंत्री टेटवाल ने कार्यकर्ताओं से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं का परीक्षण कर उनके समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में संगठन भी इस दिशा में लगातार काम कर रहा है। सरकार और संगठन का उद्देश्य है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण हो और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे