भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री कृष्णा गौर ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री कृष्णा गौर ने कार्यकर्ताओं से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जाना। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्राप्त जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निराकरण कराया गया। वहीं जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया या विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता थी, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। मंत्री कृष्णा गौर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता और सरकार के बीच मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी और लोगों को राहत दिलाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे