भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री दिलीप अहिरवार ने सुनीं जनसमस्याएं, कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद
भोपाल, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और स्थानीय मुद्दों से मंत्री के समक्ष अवगत कराया। मंत्री अहिरवार ने प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
मंत्री अहिरवार ने कहा कि सरकार जनहित के कार्यों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जनता और शासन के बीच मजबूत कड़ी बनकर लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की और कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा जनसेवा की भावना ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं और आमजन से प्राप्त सभी शिकायतों एवं सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं, सुझावों और विकास संबंधी मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री अहिरवार ने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे