भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री चैतन्य काश्यप ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं

 


भोपाल, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान कराया।

संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री काश्यप ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र समाधान के लिए भेज दिया गया। मंत्री काश्यप ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की ताकत हैं और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सरकार और संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी स्थानीय समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री ने सभी विषयों पर गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे