भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री राकेश सिंह और दिलीप अहिरवार ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

 


भोपाल, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह और दिलीप अहिरवार ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनके माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

इस दौरान दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए विभिन्न मामलों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। जिन शिकायतों और समस्याओं का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निराकरण कराया गया, जबकि विस्तृत प्रक्रिया वाले प्रकरणों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।

मंत्रियों ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली प्रत्येक जनसमस्या का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

राकेश सिंह और दिलीप अहिरवार ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे