भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह और नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह और मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं और सुझाव गंभीरता से सुने तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
संवाद कार्यक्रम में दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क स्थापित कर उनकी जनसमस्याओं, विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों और स्थानीय आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
मंत्रियों ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा की भावना के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव मंत्रियों के समक्ष रखे। दोनों मंत्रियों ने सभी मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे