भाजपा प्रदेश कार्यालय में उप मुख्यमंत्री शुक्ल और मंत्री नारायण सिंह पंवार ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं

 


भोपाल, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं मंत्री नारायण सिंह पंवार ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं मंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतत संवाद बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सरकार की प्राथमिकता है।

दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनकी समस्याओं को समझा और शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे