भाजपा प्रदेश कार्यालय में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और मंत्री नारायण सिंह पंवार ने सुनीं जनसमस्याएं

 


भोपाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और मंत्री नारायण सिंह पंवार ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्हें शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और मंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आमजन की समस्याओं के निराकरण और पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन भी जनता से जुड़े मुद्दों के निराकरण को प्राथमिकता दे रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे