भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने बुधवार को राजधानी भाेपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई और निराकरण के लिए भेजा गया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री भूरिया ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनसे जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर कई मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मंत्री भूरिया ने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनता की परेशानियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लगातार शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विकास, सामाजिक योजनाओं और प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े विषय मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री भूरिया ने सभी मामलों के शीघ्र और प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे