भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल और मंत्री राधा सिंह ने सुनी जनसमस्याएं

 


कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद कर कई मामलों का मौके पर किया निराकरण

भोपाल, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और मंत्री राधा सिंह ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।

संवाद कार्यक्रम में दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याओं, सुझावों और मांगों की जानकारी ली। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव था, उनका मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी प्रकरणों पर गंभीरता से कार्रवाई कर समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे