विचार की ताकत ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी : राकेश सिंह

 




जबलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। देश के किसी भी राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सर्वश्रेष्ठ हैं। इतने बड़े राजनीतिक दल का कार्यकर्ता होने के बाद हमारी भूमिका सीमित नहीं होनी चाहिए। भाजपा सामान्य कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं है। हमारे प्रेरणा के केंद्र डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय से लेकर श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन तक सभी ने अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान की है। विचार की ताकत ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है हम अपने विचार को लेकर अपने कार्य से संगठन को आगे लें जा सकते है।

यह बात लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने गुरुवार को पश्चिम विधानसभा में भाजपा कार्यकर्ता बैठक को सम्बोधित करते हुए पश्चिम विधानसभा के विधायक कार्यालय में कही। पश्चिम विधानसभा के नवीन विधायक कार्यालय में आयोजित वृहत कार्यकर्त्ता बैठक में विधानसभा में निवासरत वरिष्ठ कार्यकर्ता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल समिति, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समिति के सदस्य शामिल हुए।

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को गढ़ने का अर्थ केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें वैचारिक रूप से मजबूत, सामाजिक रूप से सक्रिय और जिम्मेदार बनाना है। पहले कार्यकर्ताओं की संख्या सीमित थी, कार्यक्रम कम होते थे और सरकारें भी नहीं थीं। अब परिस्थितियां बदल गई हैं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ऐसा केंद्र स्थापित करने का विचार आया, जहां कार्यकर्ता का समग्र विकास हो सके और इसी उद्देश्य से पश्चिम विधानसभा में कार्यकर्ता विकास केंद्र बनाया गया है।

उन्होंने कहा भाजपा का कार्यकर्ता वैचारिक, सामाजिक और जिम्मेदारी के स्तर पर अन्य दलों के कार्यकर्ताओं से अलग है। हमारी छोटी सी गलती भी दिखाई देती है, क्योंकि भाजपा के कार्यकर्ताओं से समाज और संगठन को बड़ी अपेक्षाएं हैं।

उन्होंने कहा कि विरासत में हमें विचार के अलावा कुछ नहीं मिला। लेकिन हमारे विचार की ताकत इतनी गहरी और मजबूत है कि इसी विचार को आधार बनाकर हम जनता के बीच जाते हैं। सत्ता हमें आसानी से नहीं मिली है। यह सत्ता केवल सांसद, विधायक या मंत्री बनने के लिए नहीं मिली, बल्कि उस सोच और विचार को आगे ले जाने के लिए मिली है, जिसकी कल्पना आजादी के पहले हमारे नेतृत्व ने की थी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जो विचार दिया, हमें उसी विचार को आगे ले जाना है। इसी विचार की ताकत से उपजी जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच ले जाना है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया के शक्तिशाली देश भी भारत के साथ जुड़ना और दोस्ती करना चाहते हैं। दुनिया भर की चुनौतियों के बीच भारत की विकास दर तेजी से आगे बढ़ रही है, जिसे देखकर पूरी दुनिया हैरत में है, यह हमारे नेतृत्व के कारण सम्भव हो रहा है प्रधानमंत्री नरेंद् मोदी ने वैश्विक पटल पर देश का नाम ऊँचा किया है, इसी तरह हमारी प्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में जनकल्याण और प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही, विकास के इन कार्यों और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का कार्य भी कार्यकर्त्ताओ को ही करना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जब हमारा नेतृत्व और हमारा विचार इतना मजबूत एवं शक्तिशाली है, तो उसे आगे ले जाने की जिम्मेदारी भी हमारी है। आगे बढ़ने का और कोई रास्ता नहीं है। केवल और केवल आपका काम ही आपको और आपके संगठन को आगे ले जाएगा।

सिंह ने कहा काम कोई छोटा-बड़ा नहीं होता और न ही किसी पद से कोई बड़ा होता है। बल्कि आपके पास जो काम है, उसे आप कितनी बेहतर तरीके से करते हैं, वही कार्य आपको आगे लेकर जाता है।

इस अवसर पर राज्य सभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकी, पूर्व संगठनमंत्री वरिष्ठ नेता,सुरेश देशपांडे, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू , जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी पराँजपे, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज मंचासीन थे।

बैठक का संचालन अभय सिंह ठाकुर एवं आभार श्रीकान्त साहू ने व्यक्त किया। बैठक में पंकज दुबे, सोनू वचवानी, रंजीत पटेल, नितिन भाटिया आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक