सागर: हत्या के प्रयास में भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत लोधी गिरफ्तार
सागर, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बांदरी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेता सर्वजीत लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने रविवार को बताया कि यह मामला वर्ष 2024 का है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 'सौरभ ढाबा' पर फायरिंग और मारपीट की एक गंभीर वारदात हुई थी। इस घटना के बाद सर्वजीत लोधी और उनके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (अधिनियम की गंभीर धाराओं) सहित विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस का दावा है कि वे लगातार आरोपी की तलाश कर रहे थे, जिसके बाद अब सफलता मिली है।
आरोपी सर्वजीत लोधी (जिला पंचायत सदस्य एवं लोधी क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष)। मामला वर्ष 2024 में ढाबे पर फायरिंग और मारपीट (हत्या का प्रयास)। सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखने के बावजूद दो साल बाद हुई गिरफ्तारी की टाइमिंग पर उठे सवाल। कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने सोशल मीडिया पर कार्रवाई की निंदा की, मुख्यमंत्री को किया टैग। सागर में पिछले 3 दिनों के भीतर 3 भाजपा नेताओं पर FIR और कार्रवाई से हड़कंप।
सर्वजीत लोधी की गिरफ्तारी के तुरंत बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने अपनी ही सरकार की पुलिस की इस कार्रवाई पर खुलकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट साझा कर पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया।
मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने अपनी पोस्ट में लिखा: सागर जिले में जिला पंचायत सदस्य एवं लोधी क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रिय सर्वजीत सिंह जिला पंचायत सदस्य की सागर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण है। दो वर्षों से इस प्रकरण में असमंजस बनाए रखना और फिर गिरफ्तार करना? यह सिर्फ अपमानित करने की कोशिश है। मैं ऐसी कार्रवाई की निंदा करता हूँ।
मंत्री पटेल ने इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करते हुए अपनी पोस्ट में प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन के शीर्ष नेतृत्व को भी टैग किया है, जिससे यह मामला पूरी तरह से राजनीतिक रंग ले चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे