दमोह:नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा ने खोला मोर्चा, अर्चना सिंह ने विपक्ष को घेरा

 


दमोह, 27 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सोमवार को दमोह जिला मुख्यालय स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा की प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह ने पार्टी का पक्ष विस्तार से रखा और विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने का आरोप लगाया।

अर्चना सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। लंबे समय से देश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की मांग होती रही है, लेकिन इस दिशा में निर्णायक कदम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने उठाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ ही नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली संस्थाओं में भी मजबूत स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में इस अधिनियम पर तीन दिनों तक विस्तृत चर्चा हुई, लेकिन विपक्षी दलों ने सकारात्मक सहयोग नहीं दिया। भाजपा का मानना है कि यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की अनदेखी है।

अर्चना सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब पूरे देश में महिलाओं के बीच जाकर यह बताएगी कि उनके राजनीतिक सशक्तिकरण के रास्ते में कौन सी ताकतें बाधा बन रही हैं। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को संख्या बल की स्थिति का अंदाजा था, फिर भी इस अधिनियम को सदन में लाने का उद्देश्य देश के सामने विपक्ष की वास्तविक मानसिकता को उजागर करना था। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हितों की बात करने वाले दल जब निर्णायक समय आया तो पीछे हट गए। इससे देश की जनता सब समझ चुकी है। अर्चना सिंह ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। गांव-गांव और शहर-शहर महिला संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से मातृशक्ति को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान के प्रश्न पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। महिला आरक्षण में उप-आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह विषय विचाराधीन है और सरकार तथा संगठन सभी सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रखकर निर्णय करेंगे। वहीं पश्चिम बंगाल चुनाव में इस मुद्दे के असर पर उन्होंने दावा किया कि महिलाओं में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है और इसका राजनीतिक लाभ पार्टी को अवश्य मिलेगा। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की नारी अपने अपमान को कभी नहीं भूलती। जिन्होंने महिलाओं के अधिकारों के मार्ग में बाधा खड़ी की है, उन्हें आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से जवाब मिलेगा। पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल, उपाध्यक्ष डॉ. मंजू कटारे तथा भाजपा पदाधिकारी सुमन उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव