धार में दुकान आवंटन प्रक्रिया पर भाजपा पार्षदों के सवाल, कलेक्टर से निविदा निरस्त करने की मांग
धार, 7 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार नगर पालिका परिषद द्वारा निर्मित दुकानों के विक्रय की प्रक्रिया को लेकर भाजपा पार्षद दल ने कलेक्टर राजीव रंजन मीणा को ज्ञापन सौंपकर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। पार्षदों ने आरोप लगाया है कि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और इसे गोपनीय रखकर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पूरी निविदा प्रक्रिया निरस्त कर नई प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।
भाजपा पार्षद दल और एल्डरमैन ने ज्ञापन में कहा कि लालबाग मार्केट, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर और बालाजी हनुमान मंदिर के पास निर्मित दुकानों के विक्रय के लिए जारी ई-ऑक्शन प्रक्रिया की विधिवत जानकारी परिषद के पार्षदों और शासन द्वारा नियुक्त एल्डरमैन को नहीं दी गई। उनका आरोप है कि दुकानों के आरक्षण और आवंटन संबंधी प्रक्रिया में भी जनप्रतिनिधियों को शामिल नहीं किया गया तथा इसके लिए कोई विक्रय समिति भी गठित नहीं की गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि दुकानों पर क्रमांक अंकित नहीं किए गए हैं और न ही परंपरागत तरीके से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। पार्षदों का कहना है कि शहर के अधिकांश व्यापारी और इच्छुक नागरिक इस प्रक्रिया से अनभिज्ञ हैं, जबकि सोशल मीडिया पर बिना अधिकृत हस्ताक्षरों वाले दस्तावेज प्रसारित कर आवेदन की अंतिम तिथि 8 जुलाई बताई जा रही है।
भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया गोपनीय तरीके से संचालित की जा रही है, जिससे कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने और नगर पालिका के राजस्व को नुकसान होने की आशंका है।
प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1961 की धारा 323 और 406 के तहत हस्तक्षेप करते हुए वर्तमान निविदा प्रक्रिया निरस्त करने, संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा नई निविदा जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नई प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें और नगर पालिका को बेहतर राजस्व प्राप्त हो।
भाजपा पार्षद दल ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi