जबलपुरः सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा ग्रामीण जिला कार्यसमिति की बैठक सम्पन्न

 


जबलपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जबलपुर ग्रामीण की जिला कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को सम्पन्न हुई।

बैठक में सांसद आशीष दुबे, भाजपा जिला प्रभारी एवं शहडोल विधायक मनीषा सिंह, पाटन विधायक अजय बिश्नोई, पनागर विधायक सुशील इंदु तिवारी, बरगी विधायक नीरज सिंह, सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोटिया, भाजपा जबलपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों, राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों तथा प्रदेश कार्यसमिति द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यसमिति में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक आयोजित करने की रूपरेखा पर चर्चा की गई। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने, सेवा कार्यों को गति देने और जनसंपर्क को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने, संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक