भाजयुमो ने निकाली बाइक रैली, सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए कई कार्यक्रम

 


जबलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा जबलपुर ग्रामीण की ओर से बुधवार को बाइक रैली निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व भाजयुमो ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं यात्रा प्रभारी पंकज तिवारी ने किया। रैली में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता शामिल हुए।

आयोजकों के अनुसार, यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रमों का हिस्सा है। यात्रा का रूट क्रमांक 9 निर्धारित किया गया था, जो बड़नगर से वाराणसी तक प्रस्तावित है।

यात्रा कोनी तिराहा पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया। इसके बाद सामुदायिक भवन में भगत सिंह और रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। पाटन चौक पर पौधारोपण किया गया। इसके बाद केमोरी सकरा स्थित सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कटंगी मे सफाई मित्रों के साथ सहभोज का आयोजन किया गया। दीनदयाल स्टेडियम में सफाई मित्रों के साथ वृक्षारोपण कर उनका सम्मान भी किया गया। इसके साथ ही मझौली स्थित बावली जल मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया गया और जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद मझौली से बाइक यात्रा कटनी जिले के लिए रवाना हुई।

कार्यक्रम में जबलपुर सांसद आशीष दुबे, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, विधायक अजय बिश्नोई, सेवा संकल्प अभियान के जिला महामंत्री रूपेश पटेल, राजेश दाहिया, प्रभारी कृष्ण शेखर सिंह, जिला कार्यालय मंत्री पं. ओम दुबे सहित भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक