जबलपुरः पूर्व मंत्री हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को फिर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस पहुंची आरोपी तक
जबलपुर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के पूर्व राज्य मंत्री एवं पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मदनमहल चौक स्थित गुप्तेश्वर निवासी 65 वर्षीय हरेंद्रजीत सिंह बब्बू 8 जून की शाम अपनी कार से कटंगा तिराहा होते हुए गोरखपुर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7:09 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। बब्बू का आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी।
धमकी मिलने के बाद वे तत्काल गोरखपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) एवं 351(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को गोरखपुर सीएसपी महादेव नागोटिया ने बताया कि पूर्व राज्य मंत्री को धमकी वाली शिकायत दर्ज कर दी गई है। जिस पर पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी को ट्रेस भी कर लिया है। पुलिस टीम द्वारा शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा एवं उससे पूछताछ की जाएगी।
बब्बू के अनुसार पिछले डेढ़ महीने में यह दूसरी बार है जब उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी तरह की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियां उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे पूर्व में एक हमले का शिकार हो चुके हैं, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। ऐसे में वर्तमान धमकियों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक