भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बयान पर बवाल, आईपीएस एसोसिएशन ने की सख्त कार्रवाई की मांग
एसडीओपी को दी गई कथित धमकी और अमर्यादित टिप्पणी पर विवाद गहराया, सिविल सर्विस डे पर जारी हुआ कड़ा विरोध
भोपाल/शिवपुरी, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के विवादित बयान ने तूल पकड़ लिया है। करैरा के एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ को लेकर की गई टिप्पणी के बाद मप्र आईपीएस एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आईपीएस एसोसिएशन की ओर से एडीजी स्तर के अधिकारी चंचल शेखर द्वारा मंगलवार काे जारी प्रेस नोट में विधायक की टिप्पणी को अभद्र, अमर्यादित और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया गया है। एसोसिएशन ने कहा कि अधिकारी के साथ-साथ उनके परिवार को लेकर भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जो निंदनीय है। एसोसिएशन के अनुसार, इस तरह के बयान पुलिस अधिकारियों के मनोबल और निष्पक्ष कार्यप्रणाली को प्रभावित करते हैं। जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे सार्वजनिक जीवन में संयमित भाषा का उपयोग करें। एसोसिएशन ने इस बात पर भी खेद जताया कि यह मामला 21 अप्रैल, सिविल सर्विस डे के दिन सामने आया। यह दिन लोकसेवकों के योगदान के सम्मान का होता है, लेकिन उसी दिन एक अधिकारी के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया।
क्या कहा था विधायक ने?
विधायक प्रीतम लोधी के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें वे एसडीओपी आयुष जाखड़ को कथित रूप से धमकी देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि “करैरा तेरे डैडी का नहीं है एसडीओपी” और यह भी चेतावनी दी कि 10 हजार लोगों को लेकर उनके बंगले में गोबर डलवा देंगे। इसके अलावा उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उच्च स्तर से निर्देश मिलने की बात भी कही।
बेटे से जुड़े मामले के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, 16 अप्रैल को विधायक के बेटे दिनेश लोधी की तेज रफ्तार थार गाड़ी से एक हादसा हुआ था, जिसमें महिलाओं समेत 5 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर वाहन जब्त किया और पूछताछ के लिए दिनेश को थाने बुलाया था। जांच के दौरान वाहन में ब्लैक फिल्म और हूटर पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान भी किया गया। इसी कार्रवाई के बाद विधायक की नाराजगी सामने आई और उन्होंने सार्वजनिक रूप से पुलिस अधिकारी पर आरोप लगाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे