राजगढ़ःछात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद का पुतला फूंका

 




राजगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कांग्रेस सांसद एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर 11 छात्राओं द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के विरोध में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीलम सक्सेना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिवाजी चौराहे पर कांग्रेस सांसद का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग उठाई गई।

पार्टी कार्यालय से रैली निकालकर पहुंचे कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय वंदे मातरम भवन से महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। हाथों में पार्टी के झंडे और सांसद का पुतला लेकर कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खिलचीपुर नाके स्थित शिवाजी चौराहे पहुंचे। यहां प्रदर्शन कर कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित सांसद को तत्काल पार्टी से निष्कासित करने और लोकसभा की सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई।

भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीलम सक्सेना ने आरोपों की निंदा करते हुए कहा कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाले कांग्रेस नेताओं को छात्राओं के आरोपों पर जवाब देना चाहिए। भाजपा नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी सांसद की सदस्यता समाप्त करने के संबंध में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्राओं को न्याय मिलना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की जांच का हवाला देते हुए दावा किया कि 9 अक्टूबर 2026 को प्रोफेसर को विश्वविद्यालय की सेवाओं से बर्खास्त करने का आदेश जारी हुआ था। शिकायतों में शैक्षणिक गतिविधियों के दौरान कथित अनुचित टिप्पणियों और व्यवहार का उल्लेख किया गया था।

इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, प्रताप मंडलोई, कार्यक्रम प्रभारी दिलबर यादव,जिला महामंत्री देवीसिंह सोंधिया, शैलेश गुप्ता, अनिता वर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष केपी पवार,पूजा सौंधिया,माधवी परमार,सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक