महिला सम्मान के मुद्दे पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला जलाया
भोपाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने शनिवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला जलाया।
महिला मोर्चा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की छात्राओं द्वारा कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगाए गए कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों और विश्वविद्यालय की जांच से जुड़े घटनाक्रम पर कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से महिला सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। परांजपे ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस को अपने सांसद से जुड़े मामले में भी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्राओं की शिकायतों और विश्वविद्यालय की जांच से संबंधित घटनाक्रम के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने क्या कदम उठाए हैं।
महिला सुरक्षा पर कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब
महिला माेर्चा प्रदेश अध्यक्ष परांजपे ने कहा कि महिला सम्मान केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और न्याय से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से पूछा कि इस मामले में पार्टी ने अपनी ओर से जवाबदेही तय करने के लिए क्या कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को शिकायत दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच और न्याय पाने का अधिकार है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी तरह के दोहरे मापदंड स्वीकार नहीं किए जा सकते। महिला मोर्चा ने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व इस मामले में अपनी भूमिका स्पष्ट करे और निष्पक्ष जांच का समर्थन करे।
प्रदर्शन में महापौर मालती राय, महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी ज्योति सिंह, मोना सुस्तानी, सारिका उपाध्याय, श्रेष्ठा जोशी, सुधा सुखयानी, याकृति जड़िया, सीमा यादव और स्मृति जैन सहित प्रदेश पैनलिस्ट एवं जिला उपाध्यक्ष गुंजन चौकसे, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा, पार्षद बृजुला सचान तथा अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे