राजगढ़ः भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान 24 अक्टूबर से, बूथ स्तर तक पहुंचेगी टोली
राजगढ़, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ के सोनाकुंज में शुक्रवार को भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान को लेकर बैठक आयोजित की। अभियान 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाया जाएगा। बैठक में अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और जनता के बीच संवाद के लिए जिला टोली सहित विभिन्न कार्यक्रमों की टोलियों का गठन किया गया।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एसआईआर और चुनाव आयोग से जुड़े विषयों पर विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए भी लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती रही और अब विपक्ष में रहकर भ्रम फैला रही है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता को वास्तविक तथ्यों से अवगत कराएं। जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह ने कहा कि अभियान की सफलता प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता पर निर्भर है। लोकतांत्रिक संस्थाओं के महत्व और मजबूती को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग से संवाद किया जाए।
राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाएं और लोकतंत्र, चुनाव आयोग तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े विषयों पर जनता से चर्चा करें। उन्होंने आपातकाल के दौरान मीडिया पर सेंसरशिप और चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किए जाने का उल्लेख किया।
सांसद रोडमल नागर ने कहा कि अभियान के तहत युवा, विद्यार्थी और प्रबुद्धजनों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। विधानसभा स्तर पर पदयात्राएं भी निकाली जाएंगी। स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों से करेंगे संवाद अभियान के अंतर्गत ‘राष्ट्र चिंतन संवाद’ और ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र’ कार्यक्रम होंगे। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से चर्चा, प्रतियोगिताएं और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मतदाता सूची की शुद्धता और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर भी पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।
बैठक में विधायक मोहन शर्मा, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलबर यादव सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। अंत में राष्ट्रगान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक