सिस्टम से नाराज भाजपा पार्षद ने खुद तगारी उठाकर साफ किया कचरा, भोपाल के वार्ड-48 में अफसरों की अनदेखी पर फूटा गुस्सा

 


भोपाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में नगर निगम की व्यवस्था से नाराज होकर भाजपा पार्षद अरविंद वर्मा ने मंगलवार को खुद ही सफाई का जिम्मा संभाल लिया। वार्ड-48 के पार्षद वर्मा तगारी उठाकर सड़क पर उतरे और जमा कचरे को साफ कर निगम की गाड़ी में डाला। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया, जिससे उन्हें खुद यह कदम उठाना पड़ा।

पार्षद वर्मा के अनुसार, शाहपुरा स्थित अजय नगर इलाके में साेमवार रात एक शादी समारोह के बाद भारी मात्रा में कचरा फैला हुआ था। इसे उठाने के लिए उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी भावना पटेरिया और सफाई दरोगा शेख उवैस को सुबह से कई बार कॉल किए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार दोपहर तक कचरा जस का तस पड़ा रहा, जिससे राहगीरों को आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। स्थिति से नाराज पार्षद ने खुद ही तगारी उठाई और सफाई शुरू कर दी।

इसी दौरान नगर निगम की कचरा गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पार्षद खुद कचरा इकट्ठा कर चुके थे। उन्होंने ही कचरा उठाकर गाड़ी में डाला। इस पूरे घटनाक्रम ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनप्रतिनिधि को खुद सफाई करनी पड़े, यह व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे