संविधान रक्षा मार्च से पहले गरमाई सियासत, मंत्री राकेश सिंह ने कांग्रेस को याद दिलाया आपातकाल
जबलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस (26 नवंबर) पर कांग्रेस के प्रस्तावित 'संविधान रक्षा पैदल मार्च' से पहले मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कांग्रेस के इस आयोजन पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी को आपातकाल की याद दिलाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस कांग्रेस के माथे पर संविधान की धज्जियां उड़ाने का दाग लगा है, वह किस मार्च के जरिए उसे धोने की कोशिश कर रही है?
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस देशभर में कितने भी मार्च और रैलियां निकाल ले, लेकिन अब जनता उसकी बातों पर भरोसा करने वाली नहीं है। संविधान की रक्षा का दावा करने से पहले कांग्रेस को अपने अतीत में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए देश पर आपातकाल थोपा था। उस दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कुचला गया और संविधान की मर्यादाओं का उल्लंघन किया गया।
राकेश सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी देश के नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाया और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया, आज वही संविधान बचाने का नारा लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
कांग्रेस को बताना चाहिए कि आखिर किस नैतिक आधार पर वह संविधान की रक्षा की बात कर रही है।
उन्होंने कहा कि केवल पैदल मार्च निकालने और नारेबाजी करने से कांग्रेस अपने अतीत की गलतियों और जिम्मेदारियों से मुक्त नहीं हो सकती। देश की जनता सब जानती है और इतिहास में दर्ज घटनाओं को भुलाया नहीं जा सकता।
गौरतलब है कि संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को कांग्रेस जबलपुर में 'संविधान रक्षा पैदल मार्च' निकालने जा रही है। इस आयोजन के जरिए पार्टी आम जनता के बीच संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संदेश पहुंचाने की तैयारी में है।
हालांकि, मार्च से पहले ही मंत्री राकेश सिंह के बयान ने सियासी माहौल गरमा दिया है। भाजपा ने कांग्रेस को उसके पुराने राजनीतिक इतिहास के आधार पर घेरना शुरू कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक