राजगढ़ः शासकीय कार्यक्रम में बवाल,मंच पर भाजपा-कांग्रेस नेताओं में तीखी नोकझोंक
राजगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में शुक्रवार को प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच मंच पर तीखी बहस हो गई।
विवाद के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया के साथ धक्का-मुक्की हुई और भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग द्वारा उन्हें थप्पड़ मारने का आरोप लगा। घटना के बाद पुलिस उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से नरसिंहगढ़ थाने ले गई, जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।
घटना बस स्टैंड के समीप स्थित सांदीपनी शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम की है। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन अरोरा ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर्वत सिंह यादव और अन्य कांग्रेस नेता कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें प्रवेश से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच बहस हुई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यह शासकीय कार्यक्रम है और जनप्रतिनिधियों को प्रवेश से नहीं रोका जा सकता। कुछ देर बाद प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप पर कांग्रेस नेताओं को अंदर जाने की अनुमति मिली। शुरुआत में वे मंच के सामने धरने की मुद्रा में बैठ गए। बाद में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप और कलेक्टर डॉ. मिश्रा के आग्रह पर चंदरसिंह सौंधिया मंच पर पहुंचे।
आरोप है कि इसी दौरान विधायक मोहन शर्मा के पुत्र ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और माहौल गरमा गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीच-बचाव किया और चंदर सिंह सौंधिया को मंच से नीचे उतारकर सुरक्षा के बीच थाने ले गई। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग द्वारा उनके गाल पर थप्पड़ मारने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है।
वहीं पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच हुई बहस का वीडियो भी चर्चा में है।घटना के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नरसिंहगढ़ थाने पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला व दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जाएगी। इधर कांग्रेस ने इस घटना के विरोध में शनिवार दोपहर 12 बजे नरसिंहगढ़ स्थित भंडारी पैलेस होटल से जंगी प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी का आरोप है कि शासकीय कार्यक्रम में जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया, जबकि भाजपा की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक