बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार और 16 को खण्डवा में होंगे बड़े आयोजन : मंत्री शाह
जबलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। भारत में महापुरुषों की जयंती मनाकर उनके योगदान को स्मरण करना देश की संस्कृति का हिस्सा है। हम इसे कभी समाजों को अलग-अलग करके नहीं देखते। हमारा जनजातीय समाज इतना बड़ा है, उसका योगदान बहुत व्यापक है, भगवान बिरसा मुंडा को एक आदर्श जननायक के रूप में देश भर में प्रतिष्ठित करने का प्रयास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस को मनाने के साथ भाजपा संगठन और सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री के विचार को आगे बढ़ाते हुए यह कल्पना की गई है कि हमारे नायकों और आदिवासी जननायकों को उनके नाम, उनकी जयंती और उनके बलिदान दिवस के माध्यम से स्मरण किया जाए।
यह बात जनजातीय मंत्री कुंवर विजय शाह ने बुधवार को पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए भाजपा कार्यालय रानीताल में कही।
पत्रकार वार्ता को मंत्री विजय शाह मंत्री, संम्पतिया उइके ने सम्बोधित किया।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार और 16 को खण्डवा में बड़े आयोजन किए जाएंगे। जनजातीय समाज को सम्मान देकर भाजपा ने जो कहा था करके दिखाया है। भाजपा ने मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज में राजनैतिक नेतृत्व विकसित किया है। भाजपा की जनजातीय समाज के प्रति प्रतिबद्धता सरकार की योजनाओं में स्पष्ट दिख रही है। भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में स्वाभिमान और स्वतंत्रता की अलख जगाई है।
25 वर्ष की आयु में आदिवासी अस्मिता को बचाने और देश को आजादी दिलाने के लिए अपना बलिदान देने वाले भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह‘ मनाया जाएगा।
इस सप्ताह के तहत भाजपा संगठन समाज और सरकार के साथ मिलकर जनजातीय नायकों के समाज में योगदान, गौरवशाली विरासत, लोककला और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। भाजपा प्रदेश के सभी जिलों में भव्य सांस्कृतिक जुलूस निकालेगी।
भारतीय जनता पार्टी की सोच व समाज के प्रति प्रतिबद्धता संगठन और सरकार की योजनाओं में दिखाई देती है, वहीं कांग्रेस ने जनजातीय समाज को कभी सम्मान नहीं दिया। भाजपा शासन की योजनाओं और संगठन के कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सामने रखती है। मध्यप्रदेश देश में सर्वाधिक जनजातीय आबादी वाले राज्यों में शामिल है।
भाजपा ने मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज में अपना राजनीतिक नेतृत्व भी विकसित किया है।
भगवान बिरसा मुंडा जी ने उन अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया, जिनके साम्राज्य में कभी सूर्य अस्त नहीं होता था। बिहार और झारखंड के क्षेत्र में उन्होंने जो संघर्ष किया, वह देश के गौरवशाली इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उसी के समकालीन मध्यप्रदेश में टंट्या मामा ने अंग्रेजों के विरुद्ध योजना बनाकर संघर्ष किया और देश के लिए अपना बलिदान दिया।
भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजों के खिलाफ नहीं था, बल्कि जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए भी था।
12 और 13 नवंबर को जिलों में कार्यक्रमों की रूपरेखा और बैठकों के माध्यम से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार एवं 16 नवंबर को खण्डवा में बडे़ आयोजन करेगी, साथ ही 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान तथा दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम होंगे।
15 नवंबर को सभी विद्यालयों एवं छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। मध्यप्रदेश सरकार भाजपा संगठन और समाज के साथ मिलकर कई कार्यक्रम करने की योजना बनाई है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हम जनजातीय समाज और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और जननायकों के योगदान को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
16 और 17 नवंबर जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से सीधा संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में अनुसूचित जन जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम, महानगर जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रीकान्त साहू, मीडिया प्रभारी रवि शर्मा, नरेश चौधरी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक