सागर: बीना यार्ड रीमॉडलिंग, अक्टूबर में बदलेंगे कई ट्रेनों के रूट और स्टॉपेज, यात्रा से पहले जांच लें शेड्यूल
सागर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिले में पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले बीना स्टेशन यार्ड में तीसरी रेल लाइन जोड़ने के लिए अक्टूबर महीने व्यापक रीमॉडलिंग कार्य किया जा रहा है। आगासौद-बीना के बीच उत्तर मध्य रेलवे द्वारा कराए जा रहे इस तकनीकी कार्य के चलते कई प्रमुख यात्री ट्रेनों के संचालन, रूट, नंबर और ठहराव में आंशिक संशोधन किया गया है।
रेलवे सूत्रों द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार बीना से होकर गुजरने वाली कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।
दादर–बलिया व बलिया–दादर एक्सप्रेस: निर्धारित तिथियों पर बीना के बजाय इटारसी–जबलपुर–कटनी–सतना–मानिकपुर होकर चलेंगी।
दादर–गोरखपुर व गोरखपुर–दादर एक्सप्रेस: इन ट्रेनों को भी इटारसी–जबलपुर–कटनी मार्ग से संचालित किया जाएगा।
अस्थायी ठहराव: मालखेड़ी, भोपाल और कटनी स्टेशनों पर स्टॉपेज
रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए परिवर्तित मार्ग की ट्रेनों को कई प्रमुख स्टेशनों पर 2 से 5 मिनट का अस्थायी ठहराव दिया है।
मालखेड़ी स्टेशन (2 मिनट): इंदौर–हावड़ा, हावड़ा–इंदौर, अहमदाबाद–दरभंगा, अहमदाबाद–कोलकाता, अहमदाबाद–पटना और बांद्रा–गोरखपुर एक्सप्रेस।
भोपाल स्टेशन (5 मिनट): वेरावल–जबलपुर और जबलपुर–वेरावल एक्सप्रेस को निशातपुरा के स्थान पर भोपाल स्टेशन पर रोका जाएगा।
कटनी स्टेशन (2 मिनट): लोकमान्य तिलक टर्मिनस–बलिया और रानी कमलापति–रीवा एक्सप्रेस।
कटनी साउथ स्टेशन (2 मिनट): भोपाल–हावड़ा, भोपाल–धनबाद, भोपाल–चोपन और भोपाल–सिंगरौली मार्ग की ट्रेनें।
मेमू ट्रेनों के संचालन में आंशिक फेरबदल
यार्ड रीमॉडलिंग का सबसे ज्यादा असर लोकल मेमू सेवाओं पर पड़ेगा।
बीना–भोपाल व भोपाल–बीना मेमू: इन ट्रेनों का प्रारंभ और समापन बीना के स्थान पर मंडी बामोरा स्टेशन से किया जाएगा।
कोटा–बीना मेमू: यह ट्रेन बीना के बजाय केवल मुंगावली स्टेशन तक ही संचालित होगी।
रेलवे ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि अक्टूबर में यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES), 139 हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक रेलवे ऐप के माध्यम से अपनी ट्रेन का नंबर, परिवर्तित रूट और समय-सारणी अवश्य जांच लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे