राजगढ़ः अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, जांच शुरू

 




राजगढ़, 24 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में ग्राम बापची जोड़ के समीप शुक्रवार अलसुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बबलू (27) पुत्र भंवरलाल, निवासी डूंगरपुर थाना खुजनेर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक के तीन छोटे-छोटे बच्चे है और अपनी ससुराल राघोगढ़ से लौटकर अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान ग्राम बापची जोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक