उज्जैनः अयोध्या जा रहे दो दोस्तों की बाइक रैलिंग से टकराई, एक की मौत

 


उज्जैन, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास-बदनावर हाईवे पर शुक्रवार को एक सडक़ दुर्घटना में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह हादसा ग्राम गंगेड़ी के समीप ब्रिज पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक चला रहे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में कमलेश (19) पुत्र रामदुलारे निवासी अमेठी की मौत हो गई। जबकि परमजीत पुत्र रामकिशोर चौहान निवासी अयोध्या घायल हो गया। जिसका चरक अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि कमलेश और परमजीत दोनों अहमदाबाद में बिजली से संबंधित काम कर रहे थे। गुरुवार को वे दोनों बाइक से अपने घर अयोध्या लौटने के लिए रवाना हुए थे। लंबी यात्रा तय करते हुए दोनों शुक्रवार सुबह देवास-बदनावर मार्ग पर पहुंचे। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच जब उनकी बाइक ग्राम गंगेड़ी के समीप ब्रिज से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सडक़ पर गिर पड़े। गंभीर घायल परमजीत ने पुलिस को बताया कि उसे इस संबंध में कुछ भी याद नहीं है। उसने आशंका जताई कि लंबी यात्रा के कारण संभवत: बाइक चला रहे कमलेश को नींद का झोंका आया होगा, जिससे वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और यह दुर्घटना हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल