सागर : बीना में किसानों का फूटा गुस्सा, बारदाने की कमी को लेकर चक्काजाम
सागर, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार दोपहर सागर जिले की बीना तहसील स्थित बिहरना वेयरहाउस पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में किसानों ने भानगढ़ रोड पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि वे पिछले एक सप्ताह से वेयरहाउस के बाहर अपनी उपज लेकर खड़े हैं, लेकिन उन्हें बारदाना उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। किसानों का कहना है कि वेयरहाउस के अंदर पर्याप्त मात्रा में बारदाना मौजूद है, इसके बावजूद तुलाई कार्य शुरू नहीं किया जा रहा।
किसानों ने खरीदी केंद्र के प्रबंधन पर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाए। उनका कहना है कि पांच अलग-अलग समितियों का केंद्र होने के बावजूद व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारियों और बिचौलियों द्वारा पैसों की मांग की जा रही है तथा पैसे देने वालों की तुलाई पहले की जा रही है।
भानगढ़ रोड पर चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को उचित कार्रवाई और जल्द खरीदी शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
उल्लेखनीय है कि बीना क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है। दो दिन पहले मंडीबामोरा क्षेत्र में भी इसी प्रकार की शिकायतों को लेकर किसानों ने गौहर रोड पर जाम लगाया था। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बारदाने की समस्या दूर नहीं हुई और अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे