साइकिल से दफ्तर पहुंचे भोपाल जिला पंचायत उपाध्यक्ष, 35 किमी का सफर ढाई घंटे में किया तय
भोपाल, 25 मई (हि.स.)। भोपाल जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट सोमवार को अनोखे अंदाज में दफ्तर पहुंचे। उन्होंने बैरसिया रोड स्थित अपने गांव कनेरा से जिला पंचायत कार्यालय तक करीब 35 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय किया। तेज गर्मी के बावजूद उन्होंने यह दूरी करीब ढाई घंटे में पूरी की।
जिला पंचायत पहुंचने पर उनके साथियों और समर्थकों ने स्वागत किया। जिपं सदस्य प्रतिनिधि विनोद राजोरिया ने इसे प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि वे भी आगे से साइकिल चलाने का प्रयास करेंगे।
43 डिग्री गर्मी में किया सफर
मोहन सिंह जाट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद उन्होंने तय किया कि सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल से ही दफ्तर जाएंगे। सोमवार को करीब 43.4 डिग्री तापमान के बीच उन्होंने दोपहर 12 बजे गांव से सफर शुरू किया और करीब ढाई बजे जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि गर्मी के कारण रास्ते में कुछ देर रुकना भी पड़ा। साथ में पानी की बोतल रखी थी, जिससे सफर आसान हुआ। जाट ने कहा कि आने वाले दिनों में वे सुबह जल्दी निकलकर नियमित रूप से साइकिल से दफ्तर पहुंचने की कोशिश करेंगे। मोहन सिंह जाट ने कहा कि साइकिल चलाने से पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। उन्होंने लोगों से भी सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल चलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि वे खुद सीएनजी कार का उपयोग करते हैं और ईंधन बचत को जरूरी मानते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद बदली तस्वीर
गाैरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों और ईंधन संकट को देखते हुए पेट्रोल-डीजल के संयमित उपयोग की अपील की थी। इसके बाद मध्यप्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव देखने को मिल रहा है। कुछ समय पहले वाहन रैलियों को लेकर आलोचना झेलने के बाद भाजपा संगठन ने नेताओं को सादगी और ईंधन बचत का संदेश देने की हिदायत दी थी। अब कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि इलेक्ट्रिक वाहनों, सार्वजनिक परिवहन और साइकिल का उपयोग करते नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अपने काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या कम की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे