भोपाल में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार
भोपाल, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के परवलिया इलाके में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह करीब 10:30 बजे काम पर जा रहे बाइक सवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली का पहिया युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनोज विश्वकर्मा (38 वर्षीय) निवासी रतनपुर कॉलोनी, परवलिया रोड के रूप में हुई है। वह पेशे से प्लंबर था और रोज की तरह गुरुवार सुबह काम के लिए घर से निकला था। घर से महज एक किलोमीटर दूर यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से नीचे उतर गया और खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक को भी चोटें आईं, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। मृतक का वर्ष 2015 में उनका विवाह हुआ था और उसके दो छोटे बच्चों एक बेटा और एक बेटी हैं। इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे