भोपाल में दीवार पर कीचड़ के छींटे पड़ने पर विवाद, दीपावली की रात चाकू मारकर युवक की हत्या

 


भोपाल, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या की वारदात में बदल गया। घर के सामने नाली और कीचड़ में पटाखे फोड़ने से रोकने पर युवकों ने 25 वर्षीय अनिकेत खटीक और उसकी मां सुनीता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिकेत की सोमवार तड़के करीब 5 बजे हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मां का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना ने परिवार की दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया।

परिजनों के मुताबिक, अनिकेत के घर के सामने रहने वाले अमन रैकवार और प्रेम अपने कुछ साथियों के साथ घर के सामने नाली और कीचड़ में पटाखे फोड़ रहे थे। इससे कीचड़ और गंदगी के छींटे घर की दीवार पर पड़ रहे थे। इस पर अनिकेत की मां सुनीता ने युवकों को टोका और घर से कुछ दूरी पर जाकर आतिशबाजी करने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर युवकों ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी।

अनिकेत के भाई अभिषेक के अनुसार, मां के साथ अभद्रता होते देख अनिकेत ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने सुनीता पर चाकू से तीन वार कर दिए। मां को बचाने के लिए अनिकेत बीच में आया तो उस पर भी हमला कर दिया गया। उसके जांघ और कमर पर चाकू से दो वार किए गए। दोनों को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने अनिकेत को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सोमवार सुबह करीब 5 बजे उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों का आरोप- 45 मिनट बाद पहुंची पुलिस

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस को फोन किया, लेकिन पुलिस टीम करीब 45 मिनट बाद पहुंची। हालांकि, थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस के इस बयान और परिजनों के आरोप में अंतर है।

मारपीट और भगदड़ के वीडियो भी आए सामने

घटना से जुड़े अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे में मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है। पुलिस इन वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आतिशबाजी को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हत्या की एफआईआर दर्ज, संदेहियों से पूछताछ

हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया के मुताबिक, मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में आतिशबाजी के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के वीडियो और दूसरे साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपियों की भूमिका और वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे