भोपाल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलाया मार्क जुकरबर्ग का पुतला, मेटा पर लगाए पक्षपात के आरोप

 


भोपाल, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोशल मीडिया कंपनी मेटा के खिलाफ युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं और कांग्रेस से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाए जाने के विरोध में रविवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ता बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जुटे। जिला अध्यक्ष अमित खत्री के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कंपनी के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का पुतला जलाया और मेटा की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की पेरेंट कंपनी मेटा विपक्षी नेताओं और उनके समर्थकों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई कर रही है, जबकि सत्ता पक्ष के प्रति उसका रवैया अलग है। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर कंपनी की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। इस दौरान 'बीजेपी का बेटा मेटा है' जैसे नारे भी लगाए गए।

बीजेपी की पीआर टीम की तरह काम कर रही कंपनी

युवा कांग्रेस के जिला महासचिव अभय रामभक्त ने आरोप लगाया कि मेटा एक कॉर्पोरेट कंपनी है, जो भारत में कारोबार कर रही है। ऐसे में उसे बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पिछले छह महीनों से विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है और मेटा बीजेपी की पीआर टीम की तरह काम कर रहा है। अभय रामभक्त ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है। ऐसे में किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कार्रवाई पारदर्शी होनी चाहिए। यदि किसी अकाउंट पर प्रतिबंध लगाया जाता है तो उसका स्पष्ट कारण भी बताया जाना चाहिए।

राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के अकाउंट्स पर कार्रवाई का मुद्दा उठाया

युवा कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर भारत में प्रतिबंध लगाए जाने के बाद संगठन ने विरोध शुरू किया था। इसके अलावा मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज और जिला महासचिव अभय रामभक्त की आईडी पर भी कार्रवाई किए जाने का दावा किया गया। रामभक्त के अनुसार, करीब 15 दिन पहले उनकी आधिकारिक आईडी भी सस्पेंड कर दी गई थी। संगठन का आरोप है कि देशभर में विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के अकाउंट्स तथा पोस्ट पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा रही है।

सात दिन का अल्टीमेटम, देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

युवा कांग्रेस नेताओं ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के अकाउंट्स पर कार्रवाई के विरोध में दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई सहित कई शहरों में मेटा के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किए गए थे। संगठन का दावा है कि विरोध के बाद शीर्ष नेताओं के अकाउंट्स बहाल किए गए। अभय रामभक्त ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने मेटा प्रबंधन को प्रतिबंधित अकाउंट्स और पेज बहाल करने के लिए सात दिन का समय दिया है। यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई और कंपनी ने अपनी नीतियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की, तो युवा कांग्रेस देशभर में एक साथ आंदोलन करेगी। संगठन ने कहा कि आगे की कार्रवाई की जिम्मेदारी मेटा प्रबंधन की होगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे