भोपाल : बड़े तालाब में युवती ने लगाई छलांग, गोताखोरों ने सुरक्षित निकाला, दोस्तों के साथ आई थी घूमने
भोपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड स्थित बड़े तालाब में शुक्रवार सुबह एक युवती ने अचानक छलांग लगा दी। तालाब में युवती को कूदता देख वहां मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद नगर निगम और फायर ब्रिगेड के गोताखोरों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसे बचा लिया।
तलैया थाना प्रभारी दीपक डहरिया से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान मनीषा के रूप में हुई है, जो भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र की रहने वाली है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ समय से कुछ पारिवारिक दिक्कतों के कारण मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। मनीषा सुबह अपने दो दोस्तों के साथ वीआईपी रोड पर टहलने के लिए आई थी। चश्मदीदों और दोस्तों के मुताबिक, वह वहां किसी को लगातार फोन लगाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन दूसरी तरफ से फोन नहीं उठ रहा था या बात नहीं हो पा रही थी। संपर्क न हो पाने के कारण वह अचानक बेहद तनाव में आ गई और उसने आव देखा न ताव, सीधे तालाब के गहरे पानी में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के गोताखोरों मोहम्मद इमरान, शेख आसिफ और आमिर की टीम ने बिना वक्त गंवाए पानी में छलांग लगाई और युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गोताखोरों ने युवती को तुरंत तलैया थाना पुलिस के सुपुर्द किया, जहां से पुलिस ने उसे इलाज और चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया।
तलैया थाना पुलिस ने मनीषा के साथ आए दोनों दोस्तों से घटनाक्रम की जानकारी ली है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि चूंकि युवती अभी अस्पताल में है और सदमे में है, इसलिए अभी तक उसका और उसके साथ मौजूद दोस्तों के विस्तृत व आधिकारिक बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत