भोपाल: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 77 वर्षीय महिला की मौत, दवा लेकर लौट रही थीं घर

 


भोपाल, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान सोमवार तड़के उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतका पार्वती सिंह ठाकुर, निवासी बांणगंगा, प्रताप नगर, रविवार रात करीब 9 बजे दवा लेने घर से पैदल निकली थीं। वे पॉलिटेक्निक स्थित मेडिकल स्टोर से ब्लड प्रेशर और सिरदर्द की दवा लेकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान चौराहे पर बाइक क्रमांक एमपी 04 वीडी 3745 सवार युवक ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आरोपी युवक ने ही घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और भर्ती कराकर मौके से फरार हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका के दामाद भंवरलाल सोलंकी के मुताबिक, आरोपी खुद को होमगार्ड का जवान बता रहा था। वही घायल महिला को स्मार्ट सिटी अस्पताल लेकर गया था। परिजन ने पुलिस को बाइक का नंबर उपलब्ध करा दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे