भोपाल में तेज रफ्तार बोलेरो ने परिवार को कुचला, महिला की मौत
पति और 7 वर्षीय बेटी गंभीर, चालक फरार
भोपाल, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी में तेज रफ्तार का एक और हादसा सामने आया है। नवीबाग इलाके में रविवार रात एक तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटर सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पति और सात वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद चालक बोलेरो समेत मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हादसा रविवार रात करीब 10 बजे नवीबाग क्षेत्र में हुआ। बुधवारा निवासी 28 वर्षीय तबस्सुम अपने भाई मोहम्मद फहीम के घर मेहमानी में आई थीं। रात को वह पति अफाक और सात वर्षीय बेटी तैयबा के साथ स्कूटर से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि परिवार सड़क पर जा गिरा। इसके बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तबस्सुम ने सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पति अफाक और बेटी तैयबा का अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
15 साल बाद मन्नतों से मिली थी बेटी
परिजनों ने बताया कि अफाक पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं। उनकी शादी को करीब 15 वर्ष हो चुके थे, लेकिन लंबे इंतजार और मन्नतों के बाद करीब आठ साल पहले बेटी तैयबा का जन्म हुआ था। तैयबा दंपती की इकलौती संतान है। हादसे ने एक पल में पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। परिजनों के मुताबिक, तबस्सुम अक्सर छुट्टी के दिन अपने भाई के घर मेहमानी के लिए आती थीं। रविवार को भी वह परिवार के साथ भाई के घर गई थीं और लौटते समय यह हादसा हो गया। सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। शुरुआती जांच में फरार बोलेरो चालक की पहचान कर ली गई है। परिजनों ने वाहन का नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायल पिता और मासूम बेटी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे