भोपाल में नापतौल विभाग को साइनाइड गैस से उड़ाने की धमकी, पुलिस-बम स्क्वॉड की सर्चिंग में कुछ नहीं मिला
भोपाल, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में धमकी भरे ई-मेल का एक और मामला सामने आया है। साेमवार काे नापतौल विभाग के एमपी नगर स्थित कार्यालय को साइनाइड गैस से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली, लेकिन जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या सिलेंडर नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9 बजे विभाग की ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल आया। इसमें लिखा था कि नापतौल विभाग के कार्यालय में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं, जो दोपहर करीब 1 बजे फट जाएंगे। मेल में यह भी लिखा गया था कि दोपहर 12:10 बजे तक कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को वहां से हटा लिया जाए।
धमकी मिलते ही विभाग में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और एहतियात के तौर पर पूरे कार्यालय भवन को खाली करा लिया गया। कर्मचारी दफ्तर से बाहर निकल आए और काफी देर तक परिसर के बाहर बैठे रहे।
सूचना मिलने पर मध्य प्रदेश पुलिस और बम निरोधक दस्ता की टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड की मदद से कार्यालय के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन कहीं भी कोई सिलेंडर या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच के बाद पुलिस ने इस धमकी को फिलहाल फर्जी माना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल की साइबर सेल के माध्यम से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मेल किसने और कहां से भेजा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। हालांकि उन मामलों में भी जांच के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला था और सूचना फर्जी साबित हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे