भोपाल में माैसम ने बदली करवट, आंधी-बारिश ने उमस से दी राहत, इटारसी में एंबुलेंस पर गिरा पेड़

 




भोपाल, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन से पहले मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार शाम राजधानी भोपाल सहित नर्मदापुरम, इटारसी, सीहोर, नरसिंहपुर, पचमढ़ी और पिपरिया में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर चला। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में तेज हवाओं ने नुकसान भी पहुंचाया। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में मानसून 15 से 18 जून के बीच प्रवेश कर सकता है।

राजधानी भोपाल में शनिवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। पहले करीब 30 मिनट तक तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे सड़कों पर धूल का गुबार छा गया और दृश्यता कम हो गई। इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। शहर के कलियासोत डैम क्षेत्र समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। दिलचस्प बात यह रही कि कुछ स्थानों पर धूप और बारिश का अनोखा नजारा भी देखने को मिला। घने बादलों और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

सबसे ज्यादा असर नर्मदापुरम जिले के इटारसी और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला। करीब आधे घंटे चली तेज आंधी और बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए, बिजली लाइनें टूट गईं और यातायात बाधित हो गया। न्यू यार्ड रेलवे हॉस्पिटल परिसर में खड़ी एक एंबुलेंस पर विशाल पेड़ गिर गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय एंबुलेंस में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इसी दौरान ग्राम घुघवासा में बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी बृजेश यादव भी हादसे का शिकार होते-होते बच गए। तेज आंधी के बीच अचानक एक पेड़ उनकी बाइक पर गिर पड़ा। उन्होंने फुर्ती दिखाकर खुद को सुरक्षित बचा लिया, हालांकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।

उत्सव मेले का मुख्य द्वार उखड़ा, टीन शेड उड़ गए

आंधी का असर इटारसी उत्सव मेले में भी देखने को मिला, जहां मेले का मुख्य प्रवेश द्वार तेज हवा के झोंकों में उखड़ गया। मालवीयागंज क्षेत्र में एक मकान का टीन शेड भी उड़ गया। कई दुकानों के फ्लेक्स और होर्डिंग्स सड़कों पर गिर पड़े, जबकि मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। एमजीएम कॉलेज के मुख्य गेट पर नीम का पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित रहा। शहर के कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

सीहोर, नरसिंहपुर और पचमढ़ी में भी बरसे बादल

सीहोर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। वहीं नरसिंहपुर में करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी तेज बारिश दर्ज की गई। पिपरिया में हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों ने राहत महसूस की।

आज इन जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है।

6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में गर्मी का भी असर

मौसम विभाग ने सीहोर, ग्वालियर, भिंड, जबलपुर, दमोह और सागर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, आगर-मालवा, राजगढ़ और शाजापुर में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है।

15 से 18 जून के बीच मानसून की एंट्री के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश में मौसम सक्रिय हो गया है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 से 18 जून के बीच मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकता है। मानसून की दस्तक के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में नियमित बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है। साथ ही आंधी-बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे