भोपाल में पेसा मोबिलाइजर्स के धरने को उमंग सिंघार का समर्थन, कहा- सरकार के पास उनकी बात सुनने का समय नहीं
भोपाल, 07 सितंबर (हि.स.)। अपनी मांगों को लेकर पिछले 14 दिनों से भोपाल के अंबेडकर पार्क में धरना दे रहे पेसा मोबिलाइजर्स से नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोमवार को मुलाकात की। उन्होंने आंदोलनकारियों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों के समर्थन में आवाज उठाने का भरोसा दिलाया।
उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में करीब 5,200 पेसा मोबिलाइजर्स के रोजगार का मुद्दा गंभीर है। उनके अनुसार, इससे केवल युवाओं के रोजगार पर असर नहीं पड़ा है, बल्कि उनसे जुड़े परिवारों की आजीविका और भविष्य भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि इतने दिनों से आंदोलन चलने के बावजूद सरकार की ओर से उनकी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाना चिंता का विषय है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पेसा मोबिलाइजर्स आदिवासी क्षेत्रों में सरकार और ग्राम सभाओं के बीच जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने गांवों में ग्राम सभाओं को सक्रिय करने और पेसा कानून के प्रावधानों के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम किया है। ऐसे में उनके हटने से कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम सभाओं की गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि पेसा कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार काम करने वाले कार्यकर्ताओं की जरूरत है। सिंघार के मुताबिक, पेसा मोबिलाइजर्स ने वर्षों तक सीमित मानदेय पर काम किया है। ऐसे में उनके अनुभव और सेवाओं को देखते हुए सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने सरकार से आंदोलनकारियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे