भोपाल में टीकाकरण के बाद दो महीने की बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
भोपाल, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र की नवजीवन कॉलोनी में दो महीने की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि 14 अगस्त को आंगनवाड़ी केंद्र में पोलियो की दवा पिलाने और टीकाकरण के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ी थी। परिवार के मुताबिक बच्ची को सात बूंद पोलियो की दवा पिलाने के साथ तीन इंजेक्शन लगाए गए थे।
तबीयत बिगड़ने पर परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा था। रविवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिवार ने टीकाकरण और दवा की मात्रा को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, बच्ची की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान लक्ष्मी पुत्री हलके राम (2 माह) के रूप में हुई है। वह नवजीवन कॉलोनी, छोला की रहने वाली थी। परिवार मूल रूप से सिरोंज का रहने वाला है। लक्ष्मी परिवार की इकलौती बेटी थी। उसका एक बड़ा भाई है। परिजनों के अनुसार, 14 अगस्त को लक्ष्मी को आंगनवाड़ी केंद्र ले जाया गया था। वहां नियमित स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत उसे पोलियो की दवा पिलाई गई और टीकाकरण किया गया। परिवार का दावा है कि बच्ची को सात बूंद पोलियो की दवा पिलाने के अलावा तीन इंजेक्शन भी लगाए गए।
परिजनों का कहना है कि आंगनवाड़ी से घर लौटने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। उपचार के दौरान रविवार सुबह बच्ची की मौत हो गई।
पिता ने लगाया ओवरडोज का आरोप
बच्ची के पिता हलके राम ने आरोप लगाया कि दो महीने की बच्ची को पोलियो की सात बूंद दवा पिलाई गई और तीन इंजेक्शन लगाए गए। उनका दावा है कि दवा के ओवरडोज के कारण बच्ची की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट की जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
छोला मंदिर थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया कि परिजनों के बयानों में टीकाकरण के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। रविवार को परिजनों की मौजूदगी में बच्ची का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह तय किया जाएगा कि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे