भोपाल में ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, महिला की मौत, चार घायल, आरोपी चालक फरार

 


भोपाल, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 6:10 बजे थाना क्षेत्र से महज 100 मीटर दूरी पर हुआ। मृतका की पहचान 50 वर्षीय अंगूरी बाई सोनी के रूप में हुई है, जो रोज की तरह काम पर जा रही थीं। वे टीवी अस्पताल में क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अंगूरी बाई को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद दोपहर में उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में घायल चार लोगों को बैरागढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतका के परिवार में पति और दो बेटे हैं। उनके भाई राजू नागर ने बताया कि बहन अ्ंगूरी रोज की तरह हंसते हुए घर से निकली थीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी सुबह होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे