भोपाल में आज ‘पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान’ की विषय वक्ता कार्यशाला, मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता करेंगे संबोधित

 


भोपाल, 06 मार्च (हि.स.)। पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत विषय वक्ता कार्यशाला का आयोजन आज शुक्रवार को भोपाल स्थित रविन्द्र भवन में प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। इस कार्यशाला को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह तथा प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल संबोधित करेंगे।

भाजपा मीडिया प्रदेश प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यशाला में चंबल, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम और भोपाल संभाग (गुना व अशोकनगर जिले को छोड़कर) के कुल 23 जिलों से 400 से अधिक विषय वक्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठनात्मक प्रशिक्षण को मजबूत करना और विषय वक्ताओं को प्रभावी संवाद के लिए तैयार करना है।

महाअभियान के तहत अगली कार्यशाला 10 मार्च को इंदौर के गुजराती इनोवेटिव कॉलेज में आयोजित की जाएगी, जिसमें इंदौर, निमाड़, उज्जैन, मंदसौर संभाग तथा गुना व अशोकनगर सहित 20 जिलों के विषय वक्ता भाग लेंगे।

इसके बाद 14 मार्च को जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा और शहडोल संभाग के 19 जिलों के विषय वक्ताओं की कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

इन कार्यशालाओं में प्रदेश पदाधिकारी, प्रशिक्षण महाअभियान की प्रदेश टोली, संभाग प्रभारी, प्रशिक्षक विषय वक्ता, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, सोशल मीडिया व आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, संभाग प्रशिक्षण प्रभारी, जिला प्रशिक्षण टोली के चार सदस्य तथा जिला स्तर के विषय वक्ता भी शामिल रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे