भोपाल: मोती मस्जिद के पास बैरिकेड्स हटाने को लेकर धरने पर बैठे व्यापारी, चौक-लखेरापुरा बाजार रहे बंद

 




भोपाल, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मोती मस्जिद (इकबाल मैदान चौराहा) के सामने महीनों से लगे बैरिकेड्स से परेशान पुराने भोपाल के व्यापारियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। व्यापारियों ने चौक बाजार, लखेरापुरा, सराफा और नदीम रोड समेत कई प्रमुख बाजारों को बंद रखकर सड़क पर धरना प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि रास्ता बंद होने से ग्राहकों को परेशानी हो रही है और आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

शुक्रवार को मोती मस्जिद के सामने लगे बैरिकेड्स के विरोध में भोपाल व्यवासायी महासंघ, श्री सराफा एसोसिएशन, फेडरेशन ऑफ राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ और आजाद मार्केट व्यवसायी संघ समेत कई व्यापारिक संगठनों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। व्यापारी संघ के अध्यक्ष अभिषेक जैन ने स्पष्ट किया कि जब तक पुलिस और प्रशासन बैरिकेड्स हटाकर रास्ता सुचारू नहीं करता, तब तक प्रदर्शन और बाजार बंद जारी रहेगा। इससे पूर्व बुधवार को भी व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी थी।

दुकान में आग के दौरान दमकल फंसने से भड़का गुस्सा

व्यापारियों की नाराजगी की मुख्य वजह 1 अगस्त को चौक बाजार में स्थित 100 साल पुरानी कपड़े की दुकान में लगी आग की घटना बनी। बैरिकेडिंग के कारण दमकल की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी थी, जिससे काफी नुकसान हुआ। इसके अलावा, भोज सेतु की ओर से आने वाले वाहनों को सदर मंजिल और चिरायु अस्पताल होकर लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है, जिससे जुमेराती, इब्राहिमपुरा और लखेरापुरा के बाजारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है।

पुलिस का तर्क

दूसरी ओर, पुलिस और यातायात विभाग का कहना है कि इकबाल मैदान चौराहे से गाड़ियां लगातार पीर गेट की ओर रॉन्ग साइड यानी गलत दिशा में जाती थीं, जिससे आए दिन सड़क हादसों और ट्रैफिक जाम का खतरा बना रहता था। इसी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बैरिकेड्स लगाए गए थे। हालांकि, व्यापारी इसका स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग पर अड़े हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत