भोपाल के टिंबर मार्केट में फिर भड़की भीषण आग, डेढ़ घंटे बाद पाया गया काबू

 


भोपाल, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बरखेड़ी स्थित टिंबर मार्केट में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। लकड़ी की एक दुकान से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लपटें करीब 20 फीट तक उठने लगीं। घटना स्थल के ठीक पीछे रेलवे ट्रैक होने के कारण स्थिति और भी संवेदनशील हो गई। आगजनी के दौरान ट्रेनों का आवागमन जारी रहा, हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें धीमी गति से निकाला गया।

जानकारी अनुसार घटना दोपहर करीब 2 बजे बरखेड़ी ऑटो स्टैंड के पास स्थित टिंबर मार्केट में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी आरिफ मिर्जा के मुताबिक टीन शेड में करंट फैलने के बाद आग भड़क उठी और लकड़ी के बड़े भंडार के कारण तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई गई। इसके बाद दमकल की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दमकल को भी आई तकनीकी दिक्कत

आग बुझाने पहुंचे दमकल दल को शुरुआती समय में तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दमकल वाहन के नोजल और पाइप में दिक्कत आने के कारण आग बुझाने में देरी हुई। वहीं तेज हवा ने आग को और भड़काने का काम किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर नियंत्रण पाया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मेट्रो परियोजना के चलते शिफ्ट होना है मार्केट

जिस दुकान में आग लगी, उसे मेट्रो परियोजना के तहत प्रस्तावित शिफ्टिंग के कारण खाली कराया जा रहा था। शहर के बीचोंबीच स्थित यह टिंबर मार्केट लंबे समय से सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है। पातरा पुल क्षेत्र में स्थित इस मार्केट में करीब 108 आरा मशीनें संचालित होती हैं। मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट के चलते पिछले डेढ़ साल से इसे दूसरी जगह स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए लगभग 18 एकड़ जमीन और 5.85 करोड़ रुपए की राशि भी आवंटित की जा चुकी है, लेकिन अब तक शिफ्टिंग पूरी नहीं हो सकी है।

पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे

टिंबर मार्केट में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2016 में भी यहां भीषण आग लगी थी, जिसे बुझाने में 36 दमकलों को करीब चार घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी थी। पिछले साल भी आगजनी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद मार्केट का स्थानांतरण अधूरा रहने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में चिंता बनी हुई है। रविवार की घटना ने एक बार फिर शहर के बीच स्थित इस टिंबर मार्केट की सुरक्षा व्यवस्था और शिफ्टिंग प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे