भोपाल में कोर्ट-यूनिवर्सिटी को उड़ाने की धमकी जांच में निकली फर्जी

 


भोपाल, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जेके हॉस्पिटल, एलएन मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी फर्जी निकली। धमकी का पता चलते ही बीडी और डीएस की टीम सहित पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज कैंपस के चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाशी ली।

ई मेल करने वाले ने एलएन मेडिकल कॉलेज परिसर में करीब 21 बम रखे होने की धमकी दी थी। इसके अलावा जिला कोर्ट, अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय और अरेरा हिल्स स्थित वाणिज्यिक कर कार्यालय को भी उड़ाने की धमकी दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10 बजे यूनिवर्सिटी की ऑफिशियल आईडी पर यह मेल प्राप्त हुआ है, जिसमें लिखा है कि इस्लामी समय अनुसार जौहर की नमाज के बाद (दोपहर 1:30 बजे) कॉलेज में सीरियल ब्लास्ट होंगे। धमकी का मेल मिलने के बाद जेके अस्पताल की दोनों बिल्डिंगों में अफरा-तफरी का माहौल है। स्टाफ को बाहर कर सर्चिंग की जा रही है।

इससे पहले मंगलवार को पीपुल्स यूनिवर्सिटी सहित नापतौल कार्यालय और एम्स अस्पताल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सभी मामलों में पुलिस जांच कर रही है, हालांकि मेल करने वालों को अब तक नहीं तलाशा जा सका है।

अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय में अधिकृत मेल आईडी पर किसी ने यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी दी है। जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर देवानंद हिडोलिया के निर्देश पर परिसर को खाली कर दिया गया। इस संबंध में प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इधर, अरेरा हिल्स स्थित भोपाल जिला कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी भी ईमेल के माध्यम से मिली है। जिसके बाद कोर्ट की सुरक्षा को ओर चौकस कर दिया गया। बम डिस्पोजल स्क्वाड ने कोर्ट परिसर में चप्पे-चप्पे पर की तलाशी ली। डॉग स्कॉड की टीम भी सर्चिंग में जुटी थी। एमपी नगर पुलिस ने भी कोर्ट परिसर की सर्चिंग की। मेल में दोपहर एक बजे अलग-अलग कोर्ट में बोरों में रखे बम में धमाके होने की बात लिखी थी। हालांकि सर्चिंग में पुलिस को कुछ नहीं मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर