भोपाल में सोयाबीन तेल से भरा टैंकर पलटा, डिब्बे लेकर तेल भरने पहुंचे लोग, चालक-क्लीनर घायल
भोपाल, 30 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के वीआईपी रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे पर मंगलवार देर रात सोयाबीन तेल से भरा टैंकर टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। टैंकर पलटने से सड़क पर तेल फैल गया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कई लोग डिब्बे और दूसरे बर्तन लेकर सड़क पर फैला तेल भरते नजर आए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की लंबी कतार लग गई। हादसे में टैंकर चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आई हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत सामान्य बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक टैंकर रेत घाट से लालघाटी की ओर जा रहा था। कोहेफिजा चौराहे के पास अचानक टैंकर का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क पर पलट गया। टैंकर के पलटने के बाद बड़ी मात्रा में सोयाबीन तेल सड़क पर फैल गया। सड़क पर तेल फैलने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग अपने साथ डिब्बे, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर पहुंचे और सड़क पर फैला तेल भरते दिखाई दिए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की संख्या बढ़ गई और तेल भरने के लिए कतार जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलने पर कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सड़क पर तेल फैलने से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार टैंकर में कुल कितना सोयाबीन तेल भरा था और हादसे के बाद कितना तेल सड़क पर फैला, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। टैंकर को हटाने और सड़क को सुरक्षित करने की कार्रवाई भी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे