भोपाल में एसआई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, नहाने के बाद बेड पर अचेत मिले
भोपाल, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के स्टेशन बजरिया थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर (एसआई) की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सुबह नहाने के बाद अपने कमरे में बेड पर लेटे थे। कुछ देर बाद पत्नी ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, 58 वर्षीय राकेश मिश्रा पुत्र राममूर्ति मिश्रा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उठे और नहाने के बाद अपने कमरे में आकर बेड पर लेट गए। पत्नी उनके पास चाय रखकर कुछ देर के लिए दूसरे काम में चली गईं। वापस कमरे में पहुंचने पर उन्होंने राकेश को बेड पर अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि राकेश मिश्रा को करीब 10 साल से हृदय संबंधी बीमारी थी और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, उनकी मौत की तत्काल और स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्टेशन बजरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे