भोपाल में सीवेज प्रोजेक्ट का विरोध, कॉलोनीवासियों ने दिया धरना, सड़क और सुरक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता
भोपाल, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के क्रिस्टल आइडल सिटी फेस- 1 में अमृत योजना के तहत प्रस्तावित सीवेज लाइन प्रोजेक्ट का रहवासियों ने जोरदार विरोध किया। सोमवार को कॉलोनीवासियों ने एंट्रेंस गेट के पास धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन कर रहे रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी के भीतर सीवेज लाइन बिछाने से सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाएंगी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने और भविष्य में मूलभूत सुविधाओं पर असर पड़ने की आशंका भी जताई गई। लोगों ने आरोप लगाया कि बिना रहवासियों की सहमति और पर्याप्त जानकारी दिए परियोजना लागू की जा रही है।
“सहमति के बिना काम शुरू न किया जाए”
रहवासियों ने प्रशासन से मांग की कि परियोजना पर पुनर्विचार किया जाए और कॉलोनीवासियों की सहमति के बिना कार्य शुरू न किया जाए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन ऐसी योजना नहीं चाहते जिससे कॉलोनी की संरचना और सुविधाएं प्रभावित हों। धरना-प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के प्रति भी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि रहवासियों की समस्याओं और सुझावों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने दिया समर्थन
प्रदर्शन में श्रमिक कांग्रेस नेता दीपक गुप्ता भी शामिल हुए। उन्होंने रहवासियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि कॉलोनीवासियों की समस्याओं की अनदेखी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव नवीन सराठे सहित बड़ी संख्या में रहवासी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे