भोपाल में 12 किलोमीटर की रन फॉर यूनिटी में युवाओं ने लगाई दौड़, दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
भोपाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र के फंदा ब्लॉक स्थित हरिहर नगर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। करीब 12 किलोमीटर की इस दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हुए 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके सपनों का भारत बनाने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा शक्ति को देशहित के कार्यों में आगे आना होगा और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना होगा।
विधायक शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर देशभर में रन फॉर यूनिटी के आयोजन किए जाते हैं। इसी कड़ी में फंदा क्षेत्र के युवाओं ने हरिहर नगर में एकता दौड़ आयोजित कर राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात कर ही मजबूत और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
आयोजन में फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत अपनी टीम और स्थानीय लोगों के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण तीरथ सिंह मीना, जनपद एवं मंडल अध्यक्ष प्रमोद राजपूत, जिला महामंत्री सत्यनारायण शर्मा, रवि राजपूत, राहुल परिहार सहित बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे